सिंहस्थ-2028 से पहले वर्दी की मश्क़ शुरू, भोपाल-इंदौर-जबलपुर की पुलिस सीख रही भीड़ के समंदर में हादसों को डूबोने का हुनर!
सिंहस्थ-2028 से पहले वर्दी की मश्क़ शुरू, भोपाल-इंदौर-जबलपुर की पुलिस सीख रही भीड़ के समंदर में हादसों को डूबोने का हुनर!
Anam Ibrahim
Ghost Writer
7771851163
करोड़ों श्रद्धालुओं के आने से दो वर्ष पहले मध्यप्रदेश पुलिस ने कसी कमर; यातायात, हुजूम नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, साइबर निगरानी और जनसेवा आधारित पुलिसिंग पर विशेष तालीम!!
सिंहस्थ अभी दूर है, मगर वर्दियों ने सफ़र शुरू कर दिया; आस्था के सैलाब से पहले इंतज़ाम की रूह को तराशा जा रहा है!
भोपाल, इंदौर और जबलपुर में पुलिस बल की ख़ास मश्क़ें शुरू; मक़सद सिर्फ़ भीड़ संभालना नहीं, करोड़ों श्रद्धालुओं की अमानत बने भरोसे की हिफ़ाज़त करना है!
BBC_OF_INDIA
जनसम्पर्क Life
भोपाल/इंदौर/जबलपुर।
मेला जब लगता है तो सिर्फ़ तंबू नहीं खड़े होते, इम्तिहान भी खड़े होते हैं। रास्तों का इम्तिहान, सब्र का इम्तिहान, इंतज़ाम का इम्तिहान और सबसे बढ़कर उन कंधों का इम्तिहान, जिन पर लाखों-करोड़ों लोगों की सलामती की ज़िम्मेदारी रख दी जाती है। सिंहस्थ-2028 अभी कैलेंडर के पन्नों में काफ़ी आगे खड़ा है, मगर मध्यप्रदेश पुलिस ने उसकी आहट अभी से सुन ली है।
शायद इसलिए भोपाल, इंदौर और जबलपुर में इन दिनों बंदूकों की नहीं, तैयारी की आवाज़ गूंज रही है। वर्दियां दंगाइयों का पीछा करने या अपराधियों की तलाश में नहीं, बल्कि आने वाले उस महासमंदर को समझने में जुटी हैं, जिसमें करोड़ों आस्थावान एक साथ उतरेंगे और जहां एक छोटी-सी चूक भी भगदड़, अफ़रा-तफ़री और त्रासदी का सबब बन सकती है।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सिंहस्थ-2028 को लेकर व्यापक प्रशिक्षण अभियान का आग़ाज़ कर दिया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में डीआरपी लाइन में शुरू हुए इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में जून 2026 से दिसंबर 2026 तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से छह दिवसीय मॉड्यूल के तहत प्रशिक्षित किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण महज़ ड्यूटी समझाने की रस्म नहीं है। यहां जवानों को भीड़ के मिज़ाज को पढ़ना सिखाया जाएगा, क्योंकि लाखों लोगों का हुजूम सिर्फ़ आंकड़ा नहीं होता, वह एक जीवित मनोविज्ञान होता है। अखाड़ों की परंपराओं से लेकर साधु-संतों की व्यवस्था, यातायात दबाव से लेकर पार्किंग प्रबंधन, आपदा नियंत्रण से लेकर अग्नि सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा से लेकर साइबर अपराध और सोशल मीडिया तक हर उस मोर्चे की तालीम दी जाएगी जहां ज़रा सी लापरवाही बड़ी मुसीबत का चेहरा बन सकती है।
राजधानी भोपाल में भी पुलिस लाइन के सामुदायिक भवन से इसी तैयारी की मशाल जलाई गई। रिटायर्ड आईजी मनोज शर्मा और एडिशनल कमिश्नर मोनिका शुक्ला ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए साफ़ कहा कि सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि व्यवस्थाओं की सबसे कठिन परीक्षा है। यहां पुलिस का काम सिर्फ़ कानून व्यवस्था संभालना नहीं होता, बल्कि वह लाखों अनजान चेहरों के लिए पहला सहारा, पहली मदद और पहली उम्मीद भी बनती है।
भोपाल में प्रशिक्षण के दौरान शाही स्नान और अखाड़ा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, साइबर अपराध, आसूचना संकलन, क्विक रिस्पॉन्स सिस्टम, होल्डिंग एरिया, सैटेलाइट टाउन, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन प्रतिक्रिया जैसे विषयों पर विशेष फोकस रखा गया है। उद्देश्य यह है कि जब श्रद्धालु प्रदेश की सरहदों से गुजरें तो उन्हें पुलिस की मौजूदगी हुक्म की तरह नहीं, सहारे की तरह महसूस हो।
उधर संस्कारधानी जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद वर्मा ने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की मौजूदगी में छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया। यहां लगभग डेढ़ सौ अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात नियंत्रण, निगरानी, चेकिंग, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तौर-तरीकों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विभाग का कहना है कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा ताकि सिंहस्थ ड्यूटी के लिए बल को पूरी तरह दक्ष बनाया जा सके।
दरअसल इतिहास गवाह है कि बड़े धार्मिक आयोजनों में हादसे अक्सर वहां जन्म लेते हैं जहां तैयारी दम तोड़ देती है। भगदड़ कभी अचानक नहीं आती, वह लापरवाही की कोख से पैदा होती है। अव्यवस्था किसी एक दिन नहीं बनती, वह महीनों की अनदेखी का नतीजा होती है। शायद इसी सच को समझते हुए पुलिस इस बार मेले का इंतज़ार नहीं कर रही, बल्कि मेले से पहले खुद को बदलने और तराशने में जुटी है।
सिंहस्थ-2028 जब आएगा तब करोड़ों लोग सिर्फ़ पुण्य कमाने नहीं निकलेंगे, वे अपने साथ भरोसा भी लेकर आएंगे। भरोसा इस बात का कि रास्ता भटकेगा तो कोई हाथ थाम लेगा, भीड़ बढ़ेगी तो कोई राह बना देगा, मुसीबत आएगी तो कोई ढाल बनकर खड़ा होगा।
और शायद यही वजह है कि उज्जैन के घाटों पर आस्था का समंदर उतरने से पूरे दो साल पहले भोपाल, इंदौर और जबलपुर की पुलिस लाइनें एक ख़ामोश पैग़ाम लिख रही हैं कि हादसे के बाद बहादुरी दिखाना आसान है, मगर हादसे से पहले तैयारी कर लेना असली जिम्मेदारी है।
#सिंहस्थ2028 #Simhastha2028 #उज्जैन #महाकाल #मध्यप्रदेश #MPPolice #भोपाल #इंदौर #जबलपुर #PoliceTraining #CrowdManagement #PublicSafety #BreakingNews #GroundReport #BBC_OF_INDIA #AnamIbrahim #AnamIbrahimJournalist #GhostWriter #MPNews #ViralNews
admin