अपहरण की दहलीज़ पर खड़ी मासूमियत: इंदौर में चॉकलेट के झांसे में अनजान लोगों संग चल पड़े बच्चे!
अपहरण की दहलीज़ पर खड़ी मासूमियत: इंदौर में चॉकलेट के झांसे में अनजान लोगों संग चल पड़े बच्चे!
Anam Ibrahim
Journalist
7771851163
मासूमियत कहीं मुजरिमों की आसान शिकार न बन जाए, इंदौर पुलिस कमिश्नर की मुहिम ने बजाई चेतावनी की घंटी!
ऑपरेशन सेफ स्माइल’ में चॉकलेट के लालच पर परखी गई बच्चों की सतर्कता, कई नन्हे क़दम अनजान लोगों संग बढ़ चले!!
इंदौर में ‘ऑपरेशन सेफ स्माइल’ के तहत बच्चों को सिखाया गया कि हर मुस्कुराता चेहरा भरोसे के क़ाबिल नहीं होता!!
BBC_OF_INDIA
जनसम्पर्क Life
Indore/Mp:
इंदौर की एक रौनक़ भरी दोपहर में बच्चों की खिलखिलाहट के बीच एक ऐसा मंज़र भी सामने आया जिसने कई मां-बाप के दिलों में हल्की सी सिहरन उतार दी। गेम ज़ोन में खेलते मासूम बच्चों के सामने जब चॉकलेट, गिफ्ट और एक प्यारे से खरगोश का लालच रखा गया, तो कई नन्हे क़दम बिना कुछ सोचे-समझे उन अनजान लोगों के पीछे चल पड़े। उन्हें क्या मालूम था कि यह कोई हक़ीक़ी ख़तरा नहीं, बल्कि ख़तरों से बचाने की एक ख़ामोश मश्क़ थी।
बच्चों और महिलाओं की हिफ़ाज़त को लेकर पुलिस आयुक्त इंदौर संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की कड़ी में पुलिस उपायुक्त जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत के मार्गदर्शन तथा एसीपी गांधी नगर और थाना राजेंद्र नगर की टीम ने थाना क्षेत्र स्थित कल्याण मार्ट में "ऑपरेशन सेफ स्माइल" चलाया।
इस अभियान के तहत सादे लिबास में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बच्चों को चॉकलेट, गिफ्ट और खरगोश देने का लालच देकर अपने साथ चलने के लिए कहा। नतीजा चौंकाने वाला था। कई बच्चे बिना पहचान किए, बिना किसी सवाल के उनके साथ चल पड़े। यह वही मासूमियत थी जो कभी-कभी मुसीबतों का दरवाज़ा भी बन जाती है।
इसके बाद पार्किंग क्षेत्र में बच्चों, अभिभावकों और मौजूद लोगों के साथ जनसंवाद किया गया। पुलिस ने बड़े सलीके और अपनत्व के साथ समझाया कि दुनिया में हर मुस्कुराहट महफ़ूज़ नहीं होती और हर मीठी बात भरोसे के लायक़ नहीं होती। बच्चों को गुड टच-बैड टच स्ट्रेंजर डेंजर और व्यक्तिगत सुरक्षा के बुनियादी उसूल बताए गए।
पुलिस ने साफ़ पैग़ाम दिया कि किसी अनजान शख़्स से कोई भी चीज़ नहीं लेनी चाहिए, माता-पिता की इजाज़त के बग़ैर किसी के साथ कहीं नहीं जाना चाहिए और किसी भी संदिग्ध या असहज स्थिति की जानकारी फ़ौरन परिवार या पुलिस को देनी चाहिए।
यह महज़ एक पुलिस अभियान नहीं था, बल्कि उन नन्ही मुस्कुराहटों की हिफ़ाज़त का पैग़ाम था जो अक्सर चॉकलेट और खिलौनों की चमक में ख़तरे की परछाइयों को पहचान नहीं पातीं। ऑपरेशन सेफ स्माइल ने एक बार फिर याद दिलाया कि बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस या परिवार की ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा फ़र्ज़ है। क्योंकि कभी-कभी एक चॉकलेट से शुरू हुई कहानी, अगर वक़्त रहते समझ न आए, तो ज़िंदगी भर का अफ़सोस भी बन सकती है।
होशियार रहें
#AnamIbrahim #BBC_OF_INDIA #OperationSafeSmile #ChildSafety #IndoreNews #मध्यप्रदेश_समाचार
admin